Breaking
4 Mar 2026, Wed
सैफई :
 आज समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की तीसरी पुण्यतिथि है. राजनीति में अपने लंबी और प्रभावशाली करियर के दौरान उन्होंने गरीब, किसान और समाज के कमजोर वर्गों के हक के लिए संघर्ष किया. गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा में हुआ था. वे एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखते थे, लेकिन राजनीति और समाज सेवा के क्षेत्र में उन्होंने अपार प्रभाव छोड़ा.
1967 में उन्होंने राजनीतिक यात्रा शुरू की और बाद में समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने के लिए समाजवादी पार्टी की स्थापना की. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में उनका योगदान आज भी याद किया जाता है. सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की तीसरी पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी समाधि स्थल पर सैफई में श्रद्धांजलि दी जा रही है. सपा अध्यक्ष और उनके पुत्र अखिलेश यादव ने परिवार के सदस्यों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी समाधि पर पुष्प अर्पित किए.
सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने मुलायम सिंह को याद करते हुए कहा कि जो लोग दिल्ली का रास्ता नहीं जानते थे उन्हें उन्होंने सांसद बना दिया. जो लोग लखनऊ नहीं जानते थे उन्हें विधायक बनाकर भेजा. उन्होंने संघर्ष के जरिए सब कुछ अपने बलबूते पर किया. समाधि स्थल पर सुबह से ही पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया. सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, फिरोजाबाद सांसद रामजी लाल सुमन मौजूद रहे. समाधि स्थल के चारों ओर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *