इस अवसर पर उमर अंसारी, उनकी पत्नी फातिमा, बड़े भाई मऊ सदर के विधायक अब्बास अंसारी और उनकी पत्नी निकहत अंसारी मौजूद थे। अंसारी परिवार के अन्य प्रमुख सदस्यों में गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी, सिगबतुल्लाह अंसारी और मोहम्मदाबाद से सपा विधायक सुभा अंसारी भी उपस्थित थे।
17 नवंबर को दिल्ली में आयोजित इस रिसेप्शन में देश के कई बड़े राजनीतिक चेहरे भी पहुंचे। इनमें सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल, पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, सांसद इकरा हसन, इमरान प्रतापगढ़ी, इरफान सोलंकी, सांसद प्रिया सरोज और शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शामिल थे।
मेहमानों की अगवानी की जिम्मेदारी गाजीपुर के सपा सांसद अफजाल अंसारी ने संभाली। पूरे आयोजन का प्रबंधन अब्बास अंसारी और उनकी पत्नी निकहत ने किया।
यह रिसेप्शन 15 नवंबर को दिल्ली के अशोक लॉन में हुए निकाह के बाद आयोजित किया गया था। निकाह समारोह में परिवार के चुनिंदा सदस्यों को ही आमंत्रित किया गया था और गोपनीयता बनाए रखने का अनुरोध किया गया था। हालांकि, कुछ तस्वीरें सामने आने के बाद यह जानकारी सार्वजनिक हो गई थी।
निकाह के दौरान उमर अंसारी ने अपने दिवंगत पिता मुख्तार अंसारी और मां अफशां अंसारी को याद किया। उन्होंने अपनी पत्नी फातिमा को अपने पिता की तस्वीर भी दिखाई थी।
उमर अंसारी हाल ही में 30 अक्टूबर को कासगंज जेल से रिहा हुए हैं। उन पर अपनी मां के फर्जी हस्ताक्षर करवाने का आरोप था, जिसके चलते 3 अगस्त को उन्हें गिरफ्तार किया गया था। उमर की दुल्हन फातिमा, गाजीपुर के मुहम्मदाबाद कस्बे के प्रसिद्ध कारोबारी मलिक मियां की नातिन हैं। बताया जाता है कि दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे और परिवार की सहमति के बाद यह रिश्ता तय हुआ। राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी और अंसारी परिवार की एकजुटता ने इस शादी को चर्चा में बनाए रखा है।

