Breaking
4 Mar 2026, Wed

आजम खान कोर्ट से हो गए बरी, अमर सिंह की बेटियों पर की थी विवादित टिप्पणी, कैदियों की गाड़ी में बैठने से किया मना

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को शुक्रवार को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. राज्यसभा सदस्य रहे अमर सिंह की बेटियों को लेकर विवादित बयान देने के मामले में कोर्ट ने आजम खान को दोषमुक्त कर दिया है. मामले में सुनवाई के दौरान वीडियो कांफ्रेंस के जरिए आजम खान कोर्ट में पेश हुए. राज्यसभा सदस्य रहे अमर सिंह की बेटियों को लेकर आजम खान ने विवादित बयान दिया था. अमर सिंह का निधन हो चुका है.
अमर सिंह की बेटियों के खिलाफ दिया था बयान
दरअसल, एक निजी चैनल पर इंटरव्यू के दौरान आजम खान ने विवादित बयान दिया था. इसके बाद अमर सिंह ने DGP के आदेश पर लखनऊ में मुकदमा दर्ज कराया था. जौहर यूनिवर्सिटी में आजम खान ने इंटरव्यू दिया था. मुक़दमा लखनऊ से रामपुर के थानां अज़ीमनगर में ट्रांसफर हुआ था. बता दें कि फिलहाल आजम खान बेटे अब्दुल्ला आजम के दो पैनकार्ड मामले में रामपुर जेल में बंद हैं. आजम खान के खिलाफ अमर सिंह ने नोएडा से लखनऊ तक रैली निकाली थी.
कैदियों की गाड़ी में बैठने से किया मना
बीते मंगलवार को इस केस में अंतिम बहस पूरी हो गई थी. अदालत ने फैसले के लिए 28 नवंबर की तारीख मुकर्रर की थी. इस मामले में जेल में बंद आजम खान को कोर्ट ने व्यक्तिगत रूप से तलब किया था. शुक्रवार को जब सुनवाई शुरू हुई तो आजम खान को जेल प्रशासन पेशी पर लाने लगा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आजम खान ने कैदियों को पेशी पर लाने वाली जेल की बड़ी गाड़ी में बैठने से मना कर दिया. इसके बाद वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आजम खान की पेशी हुई, जहां अदालत ने सबूतों के अभाव में आजम को बरी कर दिया.
पैन कार्ड मामले में आजम खान अब भी जेल में
कोर्ट में आजम ने जेल प्रशासन की शिकायत की. साथ ही उन्होंने अदालत का शुक्रिया अदा किया. बता दें कि हाल ही में आजम खान सीतापुर जेल से रिहा हुए थे और कुछ दिन बाद ही दो पैन कार्ड मामले में उन्हें सात साल की सजा सुना दी गई, जिसके बाद वह फिर से जेल चले गए. आजम खान को जब रामपुर जेल में भेजा गया तो उन्होंने घर से कंबल मांगा था, जिसे जेल प्रशासन ने मना कर दिया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *