Bahraich News/राजीव शर्मा: उत्तर प्रदेश के बहराइच में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जंगली जानवर ने कई लोगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में एक पुजारी, महिला समेत तीन लोगों पर घात लगाकर अटैक कर दिया. पीड़ितों का कहना है कि हमलावर जानवर भेड़िया था. ये घटना महसी, कैसरगंज के बाद नानपारा इलाके की है.
क्या है ये पूरी घटना?
बताया जा रहा है कि एक महिला खेत में चारा लेने गई थी, तभी जंगली जानवर ने हमला कर दिया. चीख-पुकार सुनकर महिला का देवर आया और उसकी जान बचाई. वहीं, घर में नहाकर पुजारी पूजा करने जा रहे थे, तभी घात लगाकर बैठे जंगली जानवर ने हमला कर दिया. पुजारी को बचाने आए भाई पर भी जंगली जानवर ने हमला कर दिया. हालांकि, उनकी जान बचा ली गई.
फिर तीनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों की पहचान 48 वर्षीय (पुजारी) मोहन लाल, 42 वर्षीय अमरीका प्रसाद और 54 वर्षीय महिला केसरानी के रूप में हुई है. इन घायलों को बहराइच मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज चल रहा है. वहीं, इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.

