Breaking
4 Mar 2026, Wed
उत्तर प्रदेश में कोहरे का कहर जारी है. लगातार तीसरे दिन भी प्रदेश के अलग-अलग शहरों में सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई. कुछ जिलों में रात के समय ही इसका खासा असर दिखाई दिया. कोहरे के कारण कई शहरों में विजिबिलिटी 50 से 100 मीटर रही. कोहरे के कारण मंगलवार को सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार पर भी इसका असर दिखाई दिया. भारतीय मौसम विभाग यानी आईएमडी का पूर्वानुमान है कि अगले 2 दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में न्यूनतम तापमान में भी कमी देखने को मिलेगी.
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, 16 दिसंबर को पूर्वी यूपी के साथ पश्चिमी यूपी के कई शहरों में घना कोहरा नजर आएगा. मौसम विभाग की ओर से इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. मंगलवार को 22 से ज्यादा जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. इन जिलों में वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, सोनभद्र, बलिया, मऊ, आजमगढ़, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, कुशीनगर, रायबरेली, फतेहपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, औरया, मैनपुरी, फिरोजाबाद, आगरा और मथुरा शामिल है.
इन जिलों में भी दिखेगा हल्का कोहरा
इसके अलावा सीतापुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, लखीमपुर खीरी, मुजफ्फरनगर, रामपुर, बरेली, श्रावस्ती, बहराइच, अलीगढ़, बदायूं, झांसी, ललितपुर और बलरामपुर शामिल है. इन जिलों में मध्यम से हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान है. बताते चलें कि बीते 24 घंटे में आगरा, बरेली, मुरादाबाद और प्रयागराज में जीरो विजिबिलिटी वाला कोहरा छाया रहा. इसके अलावा बीते 24 घंटे में इटावा की रात सबसे सर्द रात रही. यहां न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा.
प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुबह की शुरुआत भी कोहरे से होगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि  मंगलवार को सुबह के समय लखनऊ में मध्यम कोहरा नजर आ सकता है. हालांकि दिन चढ़ने के साथ यहां मौसम सामान्य होगा. अनुमान है आज न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की उम्मीद है.वहीं बात नोएडा की करें तो आज वहां भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान जताया गया है.
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया की 17 दिसम्बर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने वाला है.अनुमान है प्रदेश के अलग-अलग जिलो में फिलहाल अधिकतम तापमान में तो कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे थोड़ा लुढ़केगा, जिससे ठंड और भी ज्यादा बढ़ेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *