Breaking
4 Mar 2026, Wed

UP में कोहरे के साथ शीतलहर का डबल अटैक! लुढ़का पारा, कंपाने लगी ठंड, जानें आज का Mausam

उत्तर प्रदेश में ठंड ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है. नवंबर  महीने के दूसरे सप्ताह में सुबह के वक्त कोहरा और रात में शीतलहर का अहसास हो रहा है. प्रदेश में न्यूनतम पारा लुढ़ककर 9 डिग्री सेल्सियस तक आ पहुंचा है और कहीं कहीं सुबह के समय मध्यम कोहरा भी देखने को मिल रहा है. ऐसे में अब लोग ठंड से बचने के लिए शॉल और स्वेटर का भी सहारा ले रहे हैं.
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार,12 नवम्बर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि सुबह और देर रात के समय प्रदेश के कई जिलों में हल्का कोहरा दिखाई दे सकता है. 13 और 14 नवंबर को भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है. पूर्वानुमान है कि बुधवार को कानपुर, औरया, इटावा, कन्नौज, आगरा, फिरोजाबाद, झांसी, ललितपुर, मैनपुरी, जालौन, फरुखाबाद, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, सीतापुर, प्रतापगढ़,  प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, गोरखपुर, बाराबंकी, बहराइच, अयोध्या, अमेठी, कौशाम्बी और सोनभद्र में सुबह के समय हल्का कोहरा नजर आ सकता है
धीरे-धीरे बढ़ेगी ठंड
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया पहाड़ों पर बर्फबारी और पछुआ हवाओं से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ रही है. इसके अलावा कोहरा भी देखने को मिल रहा है. यूपी में भी इसका असर है. अनुमान है आने वाले दिनों में धीरे-धीरे ठंड और बढ़ेगी.
लखनऊ-नोएडा-गाजियाबाद में आज ऐसा होगा मौसम
बुधवार को यूपी के राजधानी लखनऊ  में सुबह के समय हल्का कोहरा नजर आएगा. हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होगा. आज यहां अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के करीब की संभावना जताई गई है. जो मंगलवार की अपेक्षा 1 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं बात नोएडा और गाजियाबाद की करें तो आज यहां भी सुबह के समय हल्का कोहरा दिखाई देगा और तापमान में कमी से लोगों को ठंड का अहसास भी होगा. वहीं दिन में यहां मौसम सामान्य रहने वाला है.
कानपुर में सबसे कम तापमान
मौसम विभाग की ओर से मिले आकंड़े के मुताबिक, मंगलवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान कानपुर  में दर्ज हुआ. यहां न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं कई अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा. इसके अलावा फुर्सतगंज में 500 मीटर की दृश्यता वाला कोहरा भी मंगलवार को छाया रहा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *