लखनऊ। गोसाईंगंज की जिला जेल में बंद समाजवादी पार्टी के पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पर मंगलवार देर शाम राड से हमला किया गया।
हमले में उनके सिर में गंभीर चोट आई हैं। जेल अस्पताल में इलाज के दौरान पांच टांके लगाये गये। शुरूआती जांच में जेल के अंदर दूसरे बंदी से विवाद की बात सामने आई है। जेल प्रशासन घटना की जांच कर रहा है। फिलहाल, गायत्री प्रजापति को केजीएमयू लाया गया है।
ट्रामा सेंटर पहुंचने पर गायत्री को माइनर ओटी में शिफ्ट किया गया है, जहां डॉक्टरों की एक टीम उनकी चोट की जांच कर रही है। वहीं, हमला करने वाले के बारे में गायत्री प्रजापति ने कहा, “शातिर अपराधी था”।
गायत्री प्रजापति की बेटी अंकिता ने कहा कि जेल में पिता के ऊपर जानलेवा हमला हुआ है। वह सुरक्षित नहीं हैं। मेरे पिता निर्दोष हैं, मुख्यमंत्री से न्याय की मांग है।
कैदी ने अलमारी की रॉड से हमला किया
जांच में सामने आया कि पूर्व मंत्री ने सफाई करने वाले बंदी विश्वास को पानी देने के लिए बुलाया था। वह देर से पहुंचा। इस पर पूर्व मंत्री ने अमर्यादित टिप्पणी की। जिससे नाराज होकर विश्वास ने पास में पड़ी अलमारी के रॉड से गायत्री पर हमला कर दिया। गायत्री चीखते हुए अस्पताल से बाहर की तरफ भागे।
पूर्व मंत्री के सिर पर आई गंभीर चोट
बंदी ने दोबारा राड से हमला किया तो वह फर्श पर गिर गये। इसी बीच दूसरे बंदियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। तैनात जेलकर्मियों ने तत्काल डॉक्टर को बुलाया। डॉक्टर ने गायत्री से सिर से बह रहे खून को रोकने का प्रयास किया। इसके बाद टांके लगाए।
इस मामले में सजा काट रहे पूर्व मंत्री
सामूहिक दुष्कर्म व खनन घोटाले के आरोपित सपा सरकार के पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को जेल अस्पताल में डायबिटीज, बीपी, गुर्दा, कमर दर्द समेत दूसरी बीमारियों के चलते लम्बे समय से जेल अस्पताल में रखा गया है।

