Breaking
6 Mar 2026, Fri

हरदोई: किशोरी का बाइक से पीछा कर रहे थे दो युवक, ग्रामीणों ने पकड़कर पीटा, सिर मुंडवाया, वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां दो युवकों की ग्रामीणों द्वारा पिटाई और उनके सिर मुंडवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. घटना 17 नवंबर की बताई जा रही है और यह मामला माधौगंज थाना क्षेत्र के भिंसामऊ गांव का है.

वीडियो में दिख रहा है कि ग्रामीणों की भीड़ दो युवकों की पिटाई कर रही है और बाद में उनके बाल भी मुंड दे रही है. वीडियो वायरल होने के बाद खुलासा हुआ कि ये दोनों युवक, संजय और रवि, बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के मंगरौली गांव के रहने वाले हैं. आरोप है कि दोनों एक किशोरी का बिलग्राम से बाइक पर पीछा करते हुए भिंसामऊ गांव पहुंच गए थे. गांव पहुंचते ही लड़की ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और पिटाई कर दी.

भीड़ ने की मनचलों की पिटाई

इसके बाद भी ग्रामीणों का गुस्सा कम नहीं हुआ और उन्होंने दोनों युवकों का सिर मुंडकर चौराहा बना दिया. पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया गया था. घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. रास्ते में पुलिस से मुलाकात होने पर पुलिस ने ग्रामीणों पर कार्रवाई नहीं की, बल्कि दोनों युवकों पर सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता का मामला दर्ज किया और शांति भंग की धाराओं में अदालत भेज दिया, जहां उन्हें जमानत मिल गई.

लेकिन जब चार दिन बाद बाल मुंडवाने का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे. वीडियो सामने आते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और वीडियो में दिख रहे पांच ग्रामीणों को हिरासत में ले लिया. उनके खिलाफ मारपीट और अभद्रता का केस दर्ज किया गया है.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

एसपी अशोक मीणा ने कहा कि वीडियो की जांच में यह पूरी घटना सामने आई है और कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *