घटना गुरुवार रात 11 बजे की बताई जा रही है। सांसद के पीआरओ पवन दूबे ने शुक्रवार की शाम एसएसपी को प्रार्थनापत्र दिया, जिसमें लिखा है कि आरोपित ने फोन पर न सिर्फ गालियां दीं, बल्कि बार-बार सांसद को लेकर धार्मिक और जातिगत टिप्पणी करता रहा। धमकी देने वाले ने बताया कि वह बिहार के आरा जिले के जवनिया गांव में रहता है। उसने अपना नाम अजय यादव बताया।
शिवम के विरोध करने पर कहा कि मुझे रवि किशन की हर गतिविधि की जानकारी है। जब चार दिन बाद बिहार आएंगे, तब गोली मार दूंगा। आरोपित ने भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव के उस विवादित बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने राम मंदिर की जगह अस्पताल बनाने की बात कही थी।
अजय यादव ने भगवान राम और मंदिर को लेकर भी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उसने फोन पर यह भी कहा कि वह किसी का डर नहीं मानता। पीआरओ ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने के साथ ही सांसद की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। शिकायत में कहा गया है कि यह धमकी सुनियोजित प्रतीत होती है।
एसएसपी राजकरन नय्यर के निर्देश पर रामगढ़ताल थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि जिस नंबर से फोन आया था उसके बारे में साइबर व सर्विलांस की टीम जानकारी जुटा रही हैं। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

