उत्तर प्रदेश में मॉनसून के बादल फिर भिगोने के लिए तैयार खड़े हैं. भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार (6 अक्टूबर) को भी कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं आकाशीय बिजली भी अपना कहर बरपाएगी. इसके अलावा तेज झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं. आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भारी बरिश की संभावना है. हालांकि पूर्वी यूपी में धूप छांव का दौर जारी रहेगा. अनुमान है आज नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, मुज्जफरनगर, शामली, बिजनौर, अमरौहा, हापुड़, रामपुर, संभल, बागपत, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, इटावा, बदायूं में भारी बारिश की संभावना है. इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान बादलों के गरज चमक की आवाज भी सुनाई देगी. बारिश और गरज चमक के साथ कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं.
लखनऊ में ऐसा होगा मौसम
वहीं बात लखनऊ की करें तो वहां छिटपुट बादलों के आवाजाही के साथ बारिश के छींटे भी पड़ सकते हैं. वहीं कानपुर में भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है. इसके अलावा सीतापुर, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, उन्नाव में भी मौसम ऐसा ही रहेगा. यहां अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखने को मिलेगा.
वाराणसी आसपास खिलेगी धूप
वाराणसी और आस पास के जिलों में सोमवार को धूप खिली रहेगी. चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, गाजीपुर, जौनपुर, भदोही, प्रयागराज, आजमगढ़, मऊ, बलिया में आसमान साफ होगा और दिन चढ़ने के साथ धूप का तीखापन भी बढ़ेगा. हालांकि शाम होने के साथ मौसम यहां सामान्य रहने वाला है. वाराणसी में आज न्यूनतम तापमान 26 और अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. बीते दिनों बारिश के कारण यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक आ पहुंचा था.
नया पश्चिमी विक्षोभ करेगा प्रभावित
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आज (6 अक्टूबर) को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा. जिससे मौसम में थोड़ा थोड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.