Breaking
5 Mar 2026, Thu

दीपावली त्यौहार के दृष्टिगत जनपद आजमगढ़ में आज सिधारी थाना क्षेत्र अंतर्गत नरौली चौराहे के पास मौर्या ट्रेडर्स प्रतिष्ठान पर जिले की खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने छापेमारी करते हुए 21 क्विंटल से अधिक मिलावटी मिठाइयों को बरामद किया है। बताया गया कि यह कानपुर की मिलावटी मिठाइयों को दीपावली के त्योहार में खपाने की तैयारी में थे। मौके से कानपुर की दुकान का पर्चा के रूप में बिल भी बरामद किया है, जिसे खाद्य विभाग के अधिकारियों ने अपने कब्जे में लिया है। जिले के खाद्य विभाग को लगातार इस बात की सूचना मिल रही थी, इसी क्रम में पुलिस के साथ खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी की।

आजमगढ़ जिले के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने आम जनता को मिलावटी मिठाइयों के उपयोग से बचने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिया है। इस मामले में खाद्य विभाग के अधिकारियों का दावा है कि जिले में नवरात्र से लेकर लगातार मिलावटी मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर छापेमारी की जा रही है। अब तक 54 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जा चुके हैं, जिन्हें प्रयोगशाला में भेजा गया है। बताया कि 84 हजार रुपये के समान का जप्तीकरण तथा एक लाख रुपये से ऊपर सामान को नष्ट कराया जा चुका है। इस अभियान का मुख्य मकसद आम जनमानस को मिलावटी खाद्य पदार्थ और मिठाईयां के प्रयोग से बचाना है। इसी क्रम में आज देर शाम को पुलिस अधिकारी के साथ खाद्य विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी की। जहां जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में मौर्या ट्रेडर्स की जिस प्रतिष्ठान पर छापेमारी की गई वहां के बारे में लगातार शिकायत मिल रही थी। सहायक आयुक्त खाद्य अधिकारी ने बताया कि दीपावली के त्यौहार को ध्यान में रखते हुए जिले में लगातार छापेमारी की जा रही है। इस प्रतिष्ठान के बारे में खाद्य विभाग के अधिकारियों को लगातार मिलावटी मिठाइयों की बिक्री की सूचना मिल रही थी। जिसे लेकर जब टीम ने छापेमारी की तो मौके से 18 क्विंटल 50 किलोग्राम मिलावटी बर्फी, एक कुंतल से अधिक पनीर, 50 किलोग्राम से अधिक छेना, 50 किलोग्राम से अधिक पेड़ा तथा 50 किलोग्राम से अधिक सोहन पापड़ी बरामद हुआ है। बताया जा रहा कि कानपुर से आने वाली इन मिठाइयों को जिले के बड़ी संख्या में दुकानदारों के यहां सस्ती दरों पर डिलेवरी किया जाता था। सहायक आयुक्त खाद्य अधिकारी ने बताया कि मौर्या ट्रेडर्स से जिले की जिन-जिन दुकानों पर सप्लाई होती है, उनकी जांच कराई जा रही है। बताया कि बरामद किये गये मिलावटी मिठाइयों को गड्ढे खुदवा कर जमीन में दफन कराया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *