लखनऊ। आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए अभिनेता सनी देओल, प्रीति जिंटा और करण देओल शुक्रवार को लखनऊ के ताज होटल पहुंचे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तीनों कलाकारों ने फिल्म की कहानी, उसके संदेश और अपने अनुभव साझा किए।
सनी देओल ने कहा कि ‘बंटवारा 1947’ एक प्रेम कहानी है, जिसकी पृष्ठभूमि देश के विभाजन के दौर की है। उन्होंने कहा कि यह ऐसी फिल्म है जिसे बच्चों से लेकर युवाओं तक सभी को देखना चाहिए, क्योंकि इससे इतिहास को समझने और बहुत कुछ सीखने का अवसर मिलेगा। सनी ने बताया कि फिल्म देखने के बाद ही तय किया गया कि इसका नाम ‘बंटवारा’ रखा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस फिल्म के लिए उन्होंने अपने पिता धर्मेंद्र से अनुमति ली थी।
लखनऊ में फिल्म के प्रमोशन को लेकर सनी देओल ने कहा कि ‘गदर’ की शूटिंग भी लखनऊ में हुई थी, इसलिए इस बार भी फिल्म के प्रचार के लिए लखनऊ को चुना गया।
अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने कहा कि यह फिल्म हर किसी को जरूर देखनी चाहिए। उन्होंने मीडिया के माध्यम से लोगों से अपील की कि वे सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखें। प्रीति ने बताया कि वह आज अयोध्या में रामलला के दर्शन करने भी गई थीं। उन्होंने कहा कि काफी समय से उनकी इच्छा थी कि वह रामलला के दर्शन करें और आज यह इच्छा पूरी होने पर उन्हें बेहद खुशी हुई।
वहीं, करण देओल ने कहा कि उनका सपना था कि वह अपने पिता सनी देओल के साथ किसी फिल्म में काम करें। ‘बंटवारा 1947’ के जरिए उनका यह सपना पूरा हुआ और पिता के साथ काम करने का अनुभव उनके लिए बेहद खास और यादगार रहा।

