लखनऊ: यूपी में दलित बुजुर्ग के साथ अमानवीयता हुई है। बुजुर्ग को पेशाब चटवाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इस घटना से स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिल रही है।

क्या है पूरा मामला?
काकोरी में एक दलित बुजुर्ग शख्स के साथ बदसलूकी की गई है। शख्स की पहचान रामपाल के रूप में हुई है। दरअसल बुजुर्ग ने मंदिर परिसर में बीमारी की वजह से पेशाब कर दी थी। इसके बाद बुजुर्ग से पेशाब चटवाई गई।
बुजुर्ग रामपाल ने थाने में इस मामले की शिकायत दर्ज करवाई है। काकोरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामला काकोरी के शीतला देवी मंदिर का है। मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने पीड़ित को जाति सूचक शब्दों में गालियां भी दी हैं।
अजमेर में दलित महिला के साथ हुई थी मारपीट
इससे पहले 12 अक्टूबर को ये खबर सामने आई थी कि राजस्थान के अजमेर में दलित महिला के साथ मारपीट हुई है और उसे धमकाया गया है। जमीन विवाद में दबंगों ने महिला को बेरहमी से पीटा था और जेसीबी मशीन से उसके प्लॉट पर बने टीन शेड को तोड़ दिया था।
इस मामले का भी वीडियो सामने आया था, जिसे देखकर जनता में आक्रोश फैल गया था। ये घटना अलवर गेट थाना क्षेत्र के मदार स्थित इंदिरा नगर की थी। इस घटना में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था।
दलितों के साथ अमानवीयता के ये मामले नए नहीं हैं। पहले भी इस तरह के मामले सामने आए हैं, जहां दलितों के साथ अत्याचार हुआ और उनके साथ जानवरों से भी बदतर सलूक किया गया। हमारे समाज को आज भी इस दिशा में सोचने की जरूरत है कि क्या दलित हमारे समाज का हिस्सा नहीं हैं? क्या उन्हें पूरे सम्मान के साथ जीने का हक नहीं है?

