Breaking
31 Aug 2026, Mon

बलिया: अक्सर हम सुनते हैं कि कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं, लेकिन बलिया जिले से जो वीडियो सामने आया है, उसे देखकर लगता है कि यहाँ माफियाओं के हौसले कानून से भी ज्यादा बुलंद हैं। रेवती थाना क्षेत्र के भोजछपरा इलाके से एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आप भी दंग रह जाएंगे।

यह वीडियो भोजछपरा के दियारा इलाके का बताया जा रहा है। वीडियो में जो मंजर दिख रहा है, वह किसी छोटी-मोटी चोरी-छिपे की गई हरकत का नहीं, बल्कि एक पूरे ‘सिस्टम’ का है। जी हाँ, यहाँ झाड़ियों की आड़ में कच्ची शराब का काला कारोबार किसी फैक्ट्री की तरह चलाया जा रहा है।

झाड़ियों के बीच धधक रही हैं भट्टियां
वायरल वीडियो में आप साफ देख सकते हैं कि कैसे घनी झाड़ियों के बीचों-बीच शराब बनाने की भट्टियां जल रही हैं। वहां मौजूद लोग इतनी तसल्ली से काम कर रहे हैं, मानो उन्हें किसी का भी डर न हो। एक तरफ शराब बनाई जा रही है, तो दूसरी तरफ उसे फटाफट पॉलीथिन में पैक किया जा रहा है। यह सब कुछ इतनी तेजी से हो रहा है जैसे किसी बड़ी डिलीवरी की तैयारी चल रही हो।

लोग पूछ रहे सवाल- आखिर कैसे?
इस वीडियो के सामने आने के बाद इलाके के लोग हैरान हैं। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब का निर्माण और पैकिंग खुलेआम कैसे हो सकती है? जिस तरह से यह वीडियो वायरल हो रहा है, उसने प्रशासन की चौकसी पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं। यह ‘मौत का सामान’ कब तक और कैसे लोगों तक पहुँचता रहा, यह जांच का विषय है, लेकिन फिलहाल इस वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा रखा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *