आजमगढ़ के सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, समेदा में दुर्गा पूजा बड़े ही धूमधाम से मनाई गई. पूरा स्कूल परिसर भक्ति और उत्साह से गूंज उठा. बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी ने इस भव्य आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
पूजा की शुरुआत देवी दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करने के साथ हुई, जिसके बाद पंडित जी ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई. स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं. किसी ने भक्ति गीत गाए तो किसी ने पारंपरिक नृत्य करके सबका मन मोह लिया. इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए.
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना था. स्कूल प्रबंधन ने बताया कि ऐसे आयोजन बच्चों में धार्मिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देते हैं.
वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा रामलीला का मंचन किया गया, जिसमें राम के अयोध्या त्याग और वन गमन के दृश्य ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं। इस प्रस्तुति के माध्यम से छात्रों ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि श्रीराम ने हमेशा धर्म और मर्यादा को सर्वोच्च माना।
अंत में विद्यालय के प्रबंधक प्रशांत चंद्रा जी ने अपने वक्तव्य में सभी छात्रों, शिक्षकों और आयोजकों की प्रशंसा करते हुए कहा:
“हमें सदैव अपने माता-पिता, गुरजनों और शिक्षकों का आदर करना चाहिए। उनकी आज्ञा और आशीर्वाद से ही हम जीवन की हर कठिनाई को पार कर सकते हैं।”
उन्होंने सभी को दशहरा की शुभकामनाएं दीं और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

