Breaking
19 Apr 2026, Sun

आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रोहतास आ रहे हैं। इस दौरे में वे पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और आने वाले चुनावों के लिए खास रणनीतियों पर बातचीत करेंगे। इस दौरान कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है, जिससे चुनावी माहौल और गरमा सकता है।

भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज रोहतास आ रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव से पूर्व अमित शाह का यह पहला दौरा है, जहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं एवं अपने सांसद, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ एक समीक्षा बैठक करेंगे। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और हेलीपैड स्थल से लेकर कार्यक्रम स्थल तक पूरे मार्ग को बैनर पोस्टर से सजाया गया है। मार्ग में जगह-जगह तोरण द्वार भी बनाए गए हैं।

चुनावी रणनीति पर होगी चर्चा

अमित शाह डेहरी स्थित स्वर्गीय इंजीनियर ललन सिंह स्पोर्टिंग क्लब में भाजपा नेताओं के साथ एक बैठक करेंगे। इस बैठक में कई जिलों के भाजपा के चुनिंदा नेताओं के साथ उनका सीधा संवाद होगा और कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कई टिप्स भी देंगे। इसके अलावा भाजपा कोटे की विधानसभा सीटों पर भी उनकी चर्चा होगी।

सात जिलों के भाजपा नेता होंगे शामिल

अमित शाह के कार्यक्रम के लिए लगभग 5 लाख की लागत से वाटरप्रूफ पंडाल बनाया गया है। यहां समीक्षा बैठक के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सात जिलों के सांसद, विधायक, जिला पार्षद सहित सभी पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। एक अनुमान के मुताबिक करीब तीन हजार भाजपा कार्यकर्ता इस बैठक में हिस्सा लेंगे।

कार्यक्रम की रूपरेखा

डालमिया नगर ग्राउंड पर लगभग 10 बजे गृह मंत्री अमित शाह भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से पहुंचेंगे। भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद गृह मंत्री चुनावी बैठक में 11 बजे शामिल होंगे। समीक्षा बैठक लगभग 3 घंटे तक चलेगी, जिसके बाद अमित शाह बेगूसराय के लिए रवाना हो जाएंगे।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हेलीपैड ग्राउंड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों के साथ काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती है और कार्यक्रम स्थल पर सीआरपीएफ जवानों ने सुरक्षा की कमान संभाल रखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *