लखनऊः राज्य के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली बोनस देने के बाद अब योगी सरकार ने प्रदेश की करोड़ों माताओं और बहनों को दिवाली गिफ्ट देने का ऐलान किया है. बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकभवन में सुबह 11 बजे उज्जवला योजना के तहत माताओं-बहनों को निशुल्क सिलेंडर का उपहार देंगे. यूपी की 1.86 करोड़ माताओं-बहनों को दो मुफ्त एलपीजी रिफिल सिलेंडर मिलेंगे. सरकार के इस फैसले से त्योहार पर महंगाई से बड़ी राहत मिलेगी. वर्ष 2025-26 में योजना को लागू करने के लिए योगी सरकार की ओर से 1500 करोड़ रुपए की धनराशि का प्रावधान किया गया है.
दो फेज में मिलेगा फ्री गैस सिलेंडर
दो चरणों में गैस सिलेंडर का वितरण होगा. पहला चरण अक्टूबर 2025 से दिसंबर 2025 तक और दूसरा चरण जनवरी 2026 से मार्च 2026 तक. पहले चरण में आधार प्रमाणित 1.23 करोड़ लाभार्थियों को मिलेगा लाभ. लाभार्थियों के खाते में सब्सिडी ट्रांसफर होगी. योजना के पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए हर जिले में सख्त मॉनिटरिंग और शिकायत निवारण तंत्र सक्रिय है.
योगी सरकार दे रही है 14 लाख कर्मचारियों को दिवाली बोनस
बता दें कि योगी सरकार ने 14.82 लाख राज्य कर्मचारियों को बोनस देने का फैसला मंगलवार को किया था.योगी सरकार इसके लिए सरकार 1022 करोड़ रुपये खर्च करेगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस निर्णय से कर्मचारियों के परिश्रम को सम्मान मिला है. दीपावली से पहले राज्य कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा. वहीं सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों के परिवार में भी उत्सव का माहौल है. प्रति कर्मचारी ₹6,908 तक का बोनस, 30 दिन की परिलब्धियों के आधार पर मिलेगा. वेतन मैट्रिक्स लेवल 8 (₹47,600-₹1,51,100) तक के कार्मिकों को लाभ मिलेगा.
सीएम योगी ने दिए थे निर्देश
राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थान व स्थानीय निकायों के कर्मचारी भी लाभार्थी होंगे. मुख्यमंत्री ने बोनस भुगतान समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. सरकार के इस फैसले से शासन-प्रशासन में नई ऊर्जा की लहर दौड़ गई है. दीपावली पर कर्मचारियों का उत्साह दोगुना नजर आने लगा है. बोनस देने का फैसला सरकारी कर्मचारियों की निष्ठा और योगदान को सरकार का सम्मान है.

