Breaking
4 Mar 2026, Wed

Rahul Gandhi का धमाकेदार हमला: ‘हाइड्रोजन बम’ से पहले ‘वोट चोरी फैक्ट्री’ का खुलासा, मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप

नई दिल्ली, 18 सितंबर 2025 (एलएनवी इंडिया न्यूज): लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आज इंदिरा भवन ऑडिटोरियम में आयोजित विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग पर सीधी चोट की। ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर ‘लोकतंत्र के विनाशकों की रक्षा’ करने का गंभीर आरोप लगाया। गांधी ने कहा कि यह कोई ‘हाइड्रोजन बम’ नहीं है, बल्कि असली बम तो जल्द ही फटेगा, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सामने मुंह नहीं दिखा पाएंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कर्नाटक के अलंद विधानसभा क्षेत्र से ठोस सबूत पेश किए, जहां सिस्टमैटिक तरीके से वोटरों के नाम डिलीट किए गए।
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के संदर्भ से की, जहां उन्होंने पहले ही ‘हाइड्रोजन बम’ का जिक्र किया था। उन्होंने कहा, “मैं एक देशभक्त भारतीय के नाते कह रहा हूं कि चुनाव आयोग ‘वोट चोरों’ की ढाल बन गया है। कर्नाटक सीआईडी ने 18 महीनों में 18 पत्र भेजे, लेकिन चुनाव आयोग ने आईपी एड्रेस, ओटीपी डिटेल्स जैसी बेसिक जानकारी तक नहीं दी।” उनके अनुसार, यह वोट चोरी केंद्रीकृत सॉफ्टवेयर के जरिए हो रही है, जो कॉल सेंटर लेवल पर संचालित है। यह प्रक्रिया महाराष्ट्र, कर्नाटक, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में 10-15 सालों से चल रही है।

अलंद में ‘फर्जी डिलीट एप्लीकेशन’ का चौंकाने वाला खुलासा

गांधी ने कर्नाटक के अलंद विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां 6,018 फर्जी वोटर डिलीट एप्लीकेशन्स पाई गईं। एक चौंकाने वाले केस में 63 वर्षीय महिला गोदाबाई के नाम पर 12 वोटरों के नाम काटे गए। लेकिन जब कांग्रेस टीम ने उनसे पूछताछ की, तो उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने कोई एप्लीकेशन फाइल नहीं की। “वोट डिलीट करने वाला और जिसका वोट डिलीट हो रहा है, दोनों को इसकी जानकारी नहीं। यह सेंट्रलाइज्ड सिस्टम है, जो दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और ओबीसी वोटरों को टारगेट करता है।” गांधी ने दावा किया कि यह कांग्रेस समर्थकों को निशाना बनाने की साजिश है।
उन्होंने 2024 लोकसभा चुनावों के महादेवपुरा असेंबली सेगमेंट का भी जिक्र किया, जहां एक लाख से ज्यादा वोट ‘चोरी’ गए। “यह लोकतंत्र पर परमाणु बम है। युवाओं को दिखाना जरूरी है कि चुनाव कैसे रिग हो रहे हैं।” प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी कॉन्फ्रेंस के बाद कहा, “यह संगठित प्रयास है, जिसमें चुनाव आयोग शामिल है।”

भाजपा का पलटवार: ‘क्लाउनरी’ और ‘विदेशी साजिश’
भाजपा ने तीखा पलटवार देते हुए राहुल गांधी को ‘क्लाउन’ करार दिया। सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि अलंद सीट तो कांग्रेस ने जीती थी, फिर वोट चोरी का दावा हास्यास्पद है। उन्होंने मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स और ईडी से सैम पित्रोड़ा की फंडिंग की जांच की मांग की, जो कथित रूप से अमेरिका से कांग्रेस को प्रभावित कर रहे हैं।

राजनीतिक हलचल तेज
यह प्रेस कॉन्फ्रेंस बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से ठीक पहले आई है, जहां विपक्षी एकता मजबूत हो रही है। शरद पवार ने कहा कि 300 से ज्यादा गैर-भाजपा सांसदों का संसद से वॉकआउट इस मुद्दे की गंभीरता दर्शाता है। पूर्व सीईसी एस.वाई. कुरैशी ने भी कहा कि चुनाव आयोग को राहुल के आरोपों की जांच करनी चाहिए, न कि उन पर चिल्लाना।
राहुल गांधी ने अंत में चेतावनी दी, “हाइड्रोजन बम अभी आया नहीं, आने वाला है। भाजपा वाले तैयार हो जाओ।” कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर टीजर वीडियो शेयर किया, जिसमें ‘फास्टन योर सीटबेल्ट’ लिखा था। यह कॉन्फ्रेंस विपक्ष की चुनावी रणनीति को नई धार देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *