Breaking
10 Jun 2026, Wed

अगर मंदिर से तय होता है बच्चों का भविष्य, तो बिहार में 200 मंदिर बनाकर दिखाइए! खेसारी लाल यादव का NDA पर निशाना

पटना: भोजपुरी सुपरस्टार और आरजेडी नेता खेसारी लाल यादव ने कहा कि राम मंदिर बनना जरूरी है, लेकिन अस्पताल, रोजगार और शिक्षा भी उतने ही अहम हैं. समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए उन्होंने एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा.
खेसारी लाल यादव ने कहा, “आप हर जगह मंदिर बना लीजिए, लेकिन क्या मंदिर हमारे बच्चों का भविष्य तय करेगा? अगर ऐसा है, तो बिहार में 200 मंदिर बनाकर दिखाइए.” खेसारी ने कहा कि भगवान दिल और श्रद्धा में बसते हैं, सिर्फ मूर्ति में नहीं. उन्होंने नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जब जनता विकास की बात करती है, तो कुछ लोग मंदिर-मस्जिद और सनातन जैसे मुद्दों में उलझा देते हैं.
उन्होंने कहा – “मैं किसी से नहीं डरता. जनता ने मुझे बनाया है. आज बिहार को जरूरत है रोजगार, शिक्षा और बेहतर अस्पतालों की. नेताओं से यही सवाल पूछिए कि उन्होंने 20 साल में क्या किया?” खेसारी ने यह भी कहा कि बिहार की राजनीति जात-पात में बंट गई है. उन्होंने अपील की कि लोग जात नहीं, बल्कि काम देखने वाले नेताओं को चुनें. उन्होंने कहा, “अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और अब्दुल कलाम जैसे नेता काम से याद किए जाते हैं, जात से नहीं.
2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में छपरा सीट (सारण जिला) से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के डॉ. सी. एन. गुप्ता ने जीत हासिल की थी. उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के रणधीर कुमार सिंह को हराया. डॉ. सी. एन. गुप्ता ने 6,771 मतों के अंतर से यह चुनाव जीत लिया था. यहां कुल 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे और कुल 1,68,361 वोट डाले गए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *