Breaking
31 Aug 2026, Mon

लखनऊ : मुख्यमंत्री आवास और कार्यालय से महज चंद कदमों की दूरी पर हजरतगंज के व्यस्त इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के जोन छह के अवर अभियंता अंगद सिंह पर गंभीर आरोप लगे हैं।

सूत्रों के मुताबिक ख़ुद को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सजातीय बताने वाले अवर अभियंता अंगद सिंह ने एक सील भूखंड को लेकर बड़ा कारनामा कर डाला, जिससे न केवल LDA की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि मुख्यमंत्री की छवि को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
हजरतगंज के एक नामी प्रतिष्ठान से जुड़े इस भूखंड को LDA ने पहले दो बार सील किया था। कुछ दिन पहले भूखंड स्वामी ने परिसर में रखा सामान निकालने के लिए अस्थायी (टेंपरेरी) सील खोलने का अनुरोध किया था। LDA अधिकारियों ने तय समय सीमा के लिए सील खोलने और सामान निकालने के बाद पुनः सील करने का आदेश दिया था। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि सामान निकालने के बाद भूखंड को दोबारा सील ही नहीं किया गया।

अंगद सिंह का ‘मिठाई’ कनेक्शन
सूत्रों का दावा है कि अवर अभियंता अंगद सिंह इस भूखंड पर कई बार देखे गए, लेकिन उन्होंने न तो सील करने की प्रक्रिया पूरी की और न ही कोई ठोस कार्रवाई की। आरोप है कि ‘मिठाई’ के लालच में अंगद सिंह ने न सिर्फ LDA के आदेशों की अनदेखी की, बल्कि अधिकारियों को भी गुमराह किया। हैरानी की बात यह है कि सील भूखंड से कोई सामान निकाला ही नहीं गया, बल्कि भूखंड स्वामी ने परिसर में अन्य कार्य शुरू कर दिए और अपना काम चालू कर लिया।

मुख्यमंत्री की छवि पर सवाल
अंगद सिंह पर यह भी आरोप है कि वे खुद को मुख्यमंत्री का सजातीय बताकर रौब जमाते हैं और अपने प्रभाव का दुरुपयोग करते हैं। इस कारनामे से न केवल LDA की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि यह भी चर्चा हो रही है कि अंगद सिंह के इस रवैये से मुख्यमंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

क्या होगी कार्रवाई?
हजरतगंज जैसे प्रमुख इलाके में इस तरह की अनदेखी और लापरवाही ने LDA के कामकाज पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि इस मामले में LDA और उच्च अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं। क्या अंगद सिंह के खिलाफ कोई सख्त कदम उठाया जाएगा, या यह मामला भी ‘मिठाई’ की तरह मीठे में दब जाएगा?
क्या यह सिर्फ एक लापरवाही है, या इसके पीछे कोई बड़ा खेल चल रहा है? अपनी राय हमें जरूर बताएं!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *