Breaking
4 Mar 2026, Wed

LDA जोन 6 में अवैध निर्माण का जंगलराज: इंजीनियर अंगद सिंह के संरक्षण में फल-फूल रहा है ये काला कारोबार

LDA जोन 6 में अवैध निर्माण का जंगलराज: इंजीनियर अंगद सिंह के संरक्षण में फल-फूल रहा है ये काला कारोबार

लखनऊ, 16 सितंबर 2025: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के जोन 6 में अवैध निर्माणों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। इन गैरकानूनी गतिविधियों का कथित सरपरस्त LDA का अभियंता अंगद सिंह है, जो निर्माणकर्ताओं के साथ मिलकर सील भूखंडों और नियमविरुद्ध प्रोजेक्ट्स को संरक्षण दे रहा है। सूत्रों के अनुसार, कई भूखंडों पर सीलिंग के आदेश लागू होने के बावजूद निर्माण कार्य धड़ल्ले से चल रहे हैं। स्थानीय निवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की शिकायतें बेकार साबित हो रही हैं, क्योंकि अंगद सिंह की कथित साठगांठ से ये अवैध कारनामे बेरोकटोक जारी हैं।यह स्थिति लखनऊ के योजनाबद्ध विकास के लिए गंभीर खतरा बन रही है।

मुख्यमंत्री कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर जारी है नियम विरुद्ध निर्माण

अमीरुदौला इस्लामिया कॉलेज के पास चर्च के सामने आवासीय क्षेत्र में कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण तेजी से चल रहा है। अंगद सिंह के संरक्षण में नियमों का खुला उल्लंघन होने के बावजूद यह प्रोजेक्ट निर्बाध रूप से आगे बढ़ रहा है। शिकायतें अनसुनी हो रही हैं।

कैसरबाग़ के खंदारी बाज़ार में सुलभ के पास अवैध निर्माण

कैसरबाग़ के खंदारी बाज़ार में सुलभ कॉम्प्लेक्स के बगल में सील भूखंड पर निर्माण कार्य फिर से शुरू हो गया है। अंगद सिंह के संरक्षण में यहां 6 मंजिला अपार्टमेंट बनाया जा रहा है।

अमीनाबाद के फतेहगंज में अवैध निर्माण

फतेहगंज में कई भूखंडों पर बिना अनुमति के अपार्टमेंट का निर्माण किया जा रहा है । अंगद सिंह पर आरोप है कि वे इंस्पेक्शन के नाम पर सिर्फ खानापूरी कर रहे हैं, जबकि निर्माण कार्य को हरी झंडी दे रहे हैं।

अमीनाबाद के गड़बड़ झाला मार्केट में अवैध शोरूम

अमीनाबाद के गड़बड़ झाला मार्केट के सामने एक सील भूखंड पर रातोंरात अवैध शोरूम खड़ा हो गया। LDA के सीलिंग आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए, अंगद सिंह की शह पर निर्माणकर्ताओं ने इसे चालू कर दिया। स्थानीय लोग इसे “चोर दरवाजे से कारोबार” करार दे रहे हैं।

लाटूश रोड पर विद्यान्त कॉलेज के पास अवैध निर्माण

लाटूश रोड पर विद्यान्त कॉलेज के पास भी अवैध निर्माण जोर-शोर से चल रहा है। यह क्षेत्र पहले से ही ट्रैफिक और अव्यवस्था के लिए बदनाम है, लेकिन अंगद सिंह के संरक्षण में यहां बिना अनुमति के कमर्शियल निर्माण कार्य हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस निर्माण से सड़क और बुनियादी ढांचे पर दबाव बढ़ रहा है, लेकिन LDA की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हो रही।

अमीनाबाद की गन्ने वाली गली में बिना मानचित्र निर्माण

अमीनाबाद की गन्ने वाली गली में बिना स्वीकृत मानचित्र के अवैध निर्माण कार्य चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, अंगद सिंह की देखरेख में यह निर्माण बेरोकटोक जारी है। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि इस गली में पहले से ही भीड़भाड़ की समस्या है, और यह अवैध निर्माण स्थिति को और बदतर कर रहा है। शिकायतों के बावजूद, अंगद सिंह ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

बांसमंडी चौराहे से लाल कुआं के बीच पेट्रोल पंप के पास स्लैब डालने का खेलबांसमंडी चौराहे से लाल कुआं के बीच, एक पेट्रोल पंप के पास सील भूखंड पर अंगद सिंह के इशारे पर स्लैब डाल दी गई। यह भूखंड पहले LDA द्वारा सील किया जा चुका था, लेकिन निर्माणकर्ताओं ने अंगद सिंह की मदद से न केवल सील तोड़ी, बल्कि तेजी से निर्माण कार्य पूरा कर लिया। यह मामला अब स्थानीय लोगों के बीच गुस्से का कारण बन रहा है, क्योंकि इससे क्षेत्र की सुरक्षा और नियमों का खुला उल्लंघन हो रहा है।

जनता में आक्रोश, कार्रवाई की मांग स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में अंगद सिंह के खिलाफ गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसे भ्रष्टाचार का खुला खेल बताया है और LDA के उच्च अधिकारियों से तत्काल जांच की मांग की है। वरिष्ठ अधिवक्ता मुक़ीद ख़ान ने कहा, “अंगद सिंह जैसे लोग शहर के मास्टर प्लान को तहस-नहस कर रहे हैं। अगर यह सिलसिला नहीं रुका, तो लखनऊ अवैध निर्माणों का गढ़ बन जाएगा।”

हजरतगंज चौराहे के पास साजिश का खेल : हजरतगंज चौराहे के पास एक नामी रेस्टोरेंट के पीछे दो बार सील हो चुके भूखंड पर अंगद सिंह की साजिश के तहत अस्थायी सील हटाकर व्यापारिक गतिविधियां शुरू कर दी गईं। गोदाम खुलेआम चल रहा हैं, लेकिन अंगद सिंह ने पुनः सीलिंग की कोई कार्रवाई नहीं की। स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि यह सब रिश्वत के बल पर हो रहा है।

सवाल यह है कि कब तक अंगद सिंह जैसे अधिकारी नियमों को ताक पर रखकर अवैध निर्माणों को संरक्षण देते रहेंगे, आख़िर क्या वजह है कि एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार क्यों ऐसे भ्रष्टाचारी अभियंता को अभयदान दिए हुए हैं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *