Breaking
7 Jun 2026, Sun

Sonamarg Avalanche: जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग स्थित सरबल इलाके में मंगलवार रात एक खतरनाक हिमस्खलन (Avalanche) की घटना हुई। रात करीब 10:12 बजे पहाड़ों से उतरी बर्फ की विशाल दीवार ने रिहायशी घरों और वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने अभी तक किसी भी जान-माल के नुकसान या चोट की पुष्टि नहीं की है। घाटी में पिछले दो दिनों से जारी भारी बर्फबारी के बाद पहले ही ‘हाई-इंटेंसिटी एवलांच’ की चेतावनी जारी की गई थी। इस कुदरती आपदा का खौफनाक वीडियो सीसीटीवी (CCTV) में कैद हो गया है, जिसमें बर्फ के गुबार को इमारतों को निगलते हुए देखा जा सकता है।

सीसीटीवी में कैद हुआ दिल दहला देने वाला मंजर

वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे पहाड़ की चोटी से बर्फ का एक विशाल सैलाब तेजी से नीचे की ओर बढ़ता है। कुछ ही सेकंड में सोनमर्ग के लोकप्रिय पर्यटन स्थल के पास बने होटल और घर सफेद धुंध में ओझल हो जाते है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि जमीन कांपने लगी थी।

बर्फ से घिरी कश्मीर घाटी, फ्लाइट्स और हाईवे बंद

भारी बर्फबारी ने पूरी कश्मीर घाटी का संपर्क देश के बाकी हिस्सों से काट दिया है। विजिबिलिटी कम होने और रनवे पर बर्फ जमा होने के कारण श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सभी 58 उड़ानें (29 आगमन और 29 प्रस्थान) रद्द कर दी गई हैं। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे-44 पर काजीगुंड और बनिहाल के पास नवयुग टनल पर बर्फ जमा होने के कारण यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है। उड़ानों और सड़क मार्ग के बंद होने से घाटी में घूमने आए सैकड़ों सैलानी बीच रास्ते में या होटलों में फंस गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *